पहाड़ों पर बर्फबारी होने से राजधानी में मौसम ने करवट ली है। आने वाले दिनों में पहाड़ों से आने वाली हवाएं ठंड का अहसास कराएंगी। ऐसे में सोमवार से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए कोहरे व स्मॉग का येलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को कुछ स्थानों पर सुबह-शाम स्मॉग व हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30 और 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इधर, बृहस्पतिवार को सुबह-शाम स्मॉग की चादर छाई रही। इस दौरान अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस अधिक 29.4 व न्यूनतम तापमान तीन डिग्री अधिक 16.1 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज में 11.2 डिग्री रहा।