राजधानी में हवा की गति व दिशा बदलने से वायु प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बरकरार है। गुरुवार को सीजन में पहली बार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 424 दर्ज किया गया। इसमें बुधवार की तुलना में छह सूचकांक की वृद्धि देखने को मिली। इससे हवा और दमघोंटू हो गई है। हालांकि, कोहरा व स्मॉग से मामूली राहत मिली। इससे पालम हवाई अड्डे पर मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। यहां सुबह सात बजे से साढ़े आठ बजे तक सबसे कम दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई। हवा की गति में सुधार के बाद साढ़े नौ बजे दृश्यता 500 मीटर हो गई। उधर, सफदरजंग हवाई अड्डे पर सुबह सात से आठ बजे तक सबसे कम दृश्यता 400 मीटर दर्ज की गई, जो बाद में बिगड़कर एक घंटे बाद 250 मीटर हो गई। हालांकि, मुख्य रूप से धुंध की स्थिति रही।