रोहिणी इलाके में बुधवार सुबह घर में घुसकर दो मासूम भाइयों पूरब (6) और अबी (4) की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय माता-पिता में नहीं थे। कुछ देर बाद मां घर पहुंची तो दोनों बच्चे बिस्तर पर अचेत मिले। अलमारी से जेवरात और कीमती सामान गायब था। मां ने शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंचे।
शुरुआती जांच के बाद आशंका है कि चोरी या लूटपाट का विरोध करने या भेद खुलने के डर से बच्चों की हत्या की गई। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने देर शाम एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूरब और अबी रोहिणी सेक्टर-35, शाहबाद डेयरी इलाके में पिता मुकेश और मां आरती के साथ रहते थे।
मुकेश गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि आरती इलाके में ही मदर डेयरी बूथ चलाती हैं। बुधवार सुबह मुकेश ड्यूटी पर निकल गए, जबकि आरती बूथ पर चली गईं। उस समय बच्चे सो रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे आरती घर पहुंचीं तो देखा कि दरवाजा खुला हुआ था। अंदर कमरे की अलमारी भी खुली थी। बच्चे बिस्तर पर बेसुध थे। आरती ने बच्चों को हिलाकर देखा तो उनमें कोई हरकत नहीं हुई।
उन्होंने शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंचे। बच्चों को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों के गले पर निशान मिले। अस्पताल से ही सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। शुरूआती जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।