हरियाणा के सोनीपत के गन्नौर में एक महिला सोनिया (34) ने बहन के देवर को सुपारी देकर अपने पति की हत्या करवा दी। महिला के प्रेमी सोनीपत के गांव जाजी निवासी रोहित ने उसके मोबाइल को चला दिया तो पुलिस दोनों तक पहुंच गई। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पति की गन्नौर में हत्या करवाकर महिला ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दिल्ली के अलीपुर थाने में दर्ज करा दी थी। महिला का पति प्रीतम प्रकाश अलीपुर थाने (दिल्ली) का हिस्ट्रीशीटर था और उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि साजिश के तहत पति प्रीतम की हत्या कर जुलाई 2024 में सोनीपत के गन्नौर थानाक्षेत्र में फेंक दिया था। हत्या के कुछ दिनों बाद शव गन्नौर थानाक्षेत्र के गांव अगवानपुर के पास नाले में मिला। मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी और अभी तक जांच चल रही है। आरोपी महिला ने मृतक पति का मोबाइल फोन अपने प्रेमी रोहित को दे दिया था। रोहित ने उसे नष्ट करने की बजाय उसका इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। आरोपी रोहित पहले भी हरियाणा में हत्या और आर्म्स एक्ट सहित 4 जघन्य मामलों में शामिल रहा है।
शाखा में तैनात इंस्पेक्टर संदीप तुषीर की टीम मामले में जांच कर रही थी। टीम ने पाया कि अलीपुर की दयाल मार्केट निवासी प्रीतम प्रकाश (42) का लंबे समय से कोई पता नहीं चल रहा था। टीम को ये भी पता चला कि प्रीतम की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी पत्नी सोनिया ने 20 जुलाई 2024 को दर्ज कराई थी कि उसका पति 5/6 जुलाई 2024 की रात से लापता है। जांच में पता लगा कि प्रीतम के मोबाइल की आखिरी लोकेशन सोनीपत के गांव जाजी में थी। इस पर टीम ने वहां छापा मारकर रोहित को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध संबंध थे
कड़ी पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसके सोनिया यानी लापता प्रीतम प्रकाश की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। फोन उसे सोनिया ने दिया था। उसने बताया कि सोनिया ने उसे बताया था कि उसने उसके पति की सुपारी देकर पिछले साल जुलाई 2024 में गन्नौर में उसकी हत्या करवा दी थी और शव भी ठिकाने लगा दिया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनिया को पकड़ लिया गया।
नशे का आदी था
आरोपी सोनिया ने बताया कि जुलाई 2024 में उसने अपने पति की हत्या की सुपारी गन्नौर के गांव गुमड़ निवासी विजय (उसकी बहन के देवर) को दी थी। आरोपी सोनिया ने बताया कि उसके माता-पिता अलीपुर की जिंदपुर कॉलोनी में रहते हैं। जब वह 16 साल की थी, तब उसने प्रीतम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। प्रीतम नशे का आदी था और मारपीट करता था। शादी के बाद से ही वह अक्सर प्रीतम से उसकी नशे की लत को लेकर झगड़ा करती थी। प्रीतम अवैध हथियार रखने, डकैती, चोरी, अपहरण और अन्य मामलों में कई बार जेल जा चुका था। समझाने की काफी कोशिशों के बावजूद प्रीतम नशा और अपराध नहीं छोड़ रहा था।
सोशल मीडिया के जरिये दोस्ती हुई थी
सोनिया ने बताया कि सोशल मीडिया के ज़रिये रोहित से उसकी दोस्ती हुई थी। रोहित कई बार जेल जा चुका है। रोहित दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम करता था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन पति इसमें रोड़ा बन रहा था। वह अक्सर पति प्रीतम से लड़ती और अपनी बहन दीपा के घर गन्नौर चली जाती। 2 जुलाई 2024 को उसका प्रीतम से झगड़ा हुआ और इसी वजह से वह रोहित की टैक्सी लेकर गन्नौर में बहन दीपा के घर गई और रोहित उसे वहीं छोड़कर चला गया। उसने रोहित से भी पति की हत्या करने के लिए कहा मगर रोहित ने छह लाख रुपये मांगे जिसके लिए सोनिया तैयार नहीं हुई।
हत्या के लिए एक लाख रुपये मांगे
प्रीतम 5 जुलाई 2024 को सोनिया को लेने गन्नौर आया। यहां दोनों का झगड़ा हो गया। यहां उसने बहन दीपा के देवर विजय से प्रीतम को मारने के लिए कहा। विजय ने एक लाख रुपये मांगे। प्रीतम और विजय घर में नीचे वाले कमरे में सो रहे थे। कुछ देर बाद उसे रात में प्रीतम के चीखने की आवाज सुनाई दी। उसने प्रीतम की हत्या रात में ही कर दी थी और शव कपड़े में लपेटकर अगवानपुर गांव के पास नाले में फेंक दिया था। सोनिया ने अपने आस-पड़ोस के लोगों से कुछ पैसे उधार लेकर विजय को कुल 50,000 रुपये दिए थे और प्रीतम का ऑटो 4.50 लाख रुपये में बेचा था, जिसमें से उधार की रकम काटने के बाद उसे कुल 2,80,000 रुपये मिले थे जिनमें से कुछ रुपये उसने रोहित को दिए और कुछ खुद खर्च कर दिए।