दिल्ली हाईकोर्ट ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप में द्वारका अदालत में कार्यरत दो जजों को निलंबित कर दिया। द्वारका कोर्ट के अतिरिक्त जिला जज जितेंद्र मिश्रा और विशेष जज नवीन अरोड़ा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं।
इनमें से एक पर केस से जुड़े आरोपी के पैसे पर विदेश यात्रा करने का आरोप है, जबकि दूसरे जज पर केस रफा-दफा करने के लिए पैसे मांगने का आरोप है। शुक्रवार को हाईकोर्ट के जजों की बैठक में इन दोनों पर लगे आरोपों पर चर्चा हुई।
इससे पूर्व, इन दोनों जजों पर लगे आरोपों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी ने हाल ही में अपनी रिपोर्ट दी थी। इसका अध्ययन करने और प्राप्त साक्ष्यों को देखने के बाद इन दोनों जजों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
कुछ माह पूर्व पटियाला हाउस व अन्य अदालतों के जजों पर भी इसी प्रकार गाज गिर चुकी है। निलंबन के बाद एक जज को तो बर्खास्त भी कर दिया गया था।