मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठी दक्षिणी निगम की पूर्व महापौर सुनीता कांगड़ा की तबीयत बिगड़ी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री आवास के बाहर निगम की बकाया राशि की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी निगम की तीन महिला पार्षदों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उत्तरी निगम के हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीनों महापौर के साथ अन्य पार्षदों का मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी है।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश ने बताया कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की वजह से दूसरे दिन दक्षिणी निगम की पूर्व महापौर सुनीता कांगड़ा, पूर्वी निगम में स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष कंचन महेश्वरी और दक्षिणी निगम में वार्ड समिति की उपाध्यक्ष माया बिष्ट की शुगर की मात्रा कम होने की वजह से तबियत बिगड़ गई।
इसके बाद उन्हें हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जयप्रकाश ने कहा कि दिल्ली के तीनों महापौर व पार्षद कड़ाके की ठंड में पिछले 2 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल व 12 दिनों से नगर निगम के बकाया राशि 13 हजार करोड़ जारी करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री केजरीवाल मिलने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री केजरीवाल निगमों को उनका बकाया फंड जारी नहीं करेंगे तब तक पार्षदों व महापौर की हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं, शुक्रवार की सुबह पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने भी मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचकर तीनों महापौर का समर्थन किया। गोयल ने कहा कि तीनों महापौर नगर निगम में कार्यरत करीब 2 लाख कर्मचारियों की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में पूरी दिल्ली के नागरिक तीनों महापौर के साथ हैं।
आप ने लगाया आरोप
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा एमसीडी घोटाले की सीबीआई जांच नहीं करवाना चाहती है। मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा के मेयर पिकनिक मना रहे हैं। आप विधायक सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, भूख हड़ताल पर होने का मेयर झूठ बोल रहे हैं, उनके लिए हर दिन होटल से खाना आ रहा है। इसी वजह से मुख्यमंत्री आवास का सीसीटीवी कैमरा पहले ही भाजपा वालों ने तोड़ दिया गया।