दिल्ली के छावला इलाके में बदमाशों ने एक ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल के घर में घुसकर तोड़फोड़ और फायरिंग करने के बाद लूटपाट की। इसकी वजह सिर्फ इतनी थी कि हेड कांस्टेबल ने इनका चालान काटा था।
हेड कांस्टेबल की शिकायत पर छावला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में जानकारी देते हुए डीसीपी अल्फांसो ने बताया कि पीड़ित हेडकांस्टेबल संजय कुमार की तैनाती कापसहेड़ा ट्रैफिक सर्किल में है।
पीड़ित हेड कांस्टेबल अपने परिवार के साथ कुतुब विहार फेज वन गोयला डेरी में रहते हैं। शनिवार को संजय ने कापसहेड़ा इलाके में धुल सिरसपुर गांव के ही रहने वाले प्रताप गोदारा की बाइक का चालान कर दिया था। उसने रेडलाइट जंप कर दिया था जिसके बाद उसकी संजय से बहस भी हुई थी।
देख लेने की धमकी देकर प्रताप वहां से चला गया। शनिवार रात जब संजय अपनी ड्यूटी खत्म कर घर जा रहे थे तो प्रताप वहां आ गया और दोबारा संजय से लड़ने लगा। इस बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया तो प्रताप वहां से भाग निकला और बाद में संजय के घर ही पहुंच गया।