दिल्ली-एनसीआर में सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाए गए पटाखा बिक्री पर बैन के बाद साल 2017 की दिवाली तीन सालों में दिल्ली की सबसे साफ सुथरी दिवाली रही। लेकिन प्रदूषण अब भी बहुत ज्यादा रहा क्योंकि बहुत से लोगों ने बड़ी मात्रा में पटाखे जलाए।
शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली में हवा की क्वालिटी खराब होने लगी। सुबह 11 बजे पीएम 2.5 अपने खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। वायु गुणवत्ता और मौसम की फोरकास्ट और रिसर्च करने वाली संस्था एसएएफएआर ने बताया कि सुबह 11 बजे दिल्ली की एयर क्वालिटी 574 ug/m3 रही। वहीं पीएम 10 भी चिंताजनक स्तर 517 ug/m3 पहुंच गया।
दिल्ली का धीरपुर ही एक ऐसा स्टेशन रहा जहां पीएम 2.5 400 ug/m3 से नीचे मापा गया और पीएम 10 350 ug/m3 से कम। एसएएफएआर और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रिकॉर्ड किए गए डाटा के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 319 रहा जो बेहद बुरी कैटेगरी में आता है। ऐसी स्थिति आने पर लोगों से बाहर निकलकर किसी भी शारिरीक क्रिया कलाप को ना करने की सलाह दी जाती है। जितना हो सके उतना घर के अंदर रहने को कहा जाता है।
हालांकि यह 2016 से बहुत अच्छा रहा जहां पिछली दिवाली में एयर क्वालिटी इंडेक्स 431 था तो 2015 में यह 343 था। वहीं आज दिवाली के अगले दिन एक्यूआई 340 रहा तो साल 2016 और 2015 में क्रमशः 445 और 360 था।