द्वारका नॉर्थ इलाके के भरत विहार में बुधवार शाम निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से दादी और पोते गिर गए। गंभीर हालत में उनकों नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद द्वारका नॉर्थ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक द्वारका नॉर्थ एरिया में भरत विहार इलाके में चार मंजिला इमारत निर्माणाधीन है। यहां पर ठेकेदार मध्य प्रदेश निवासी सुकेश कुमार काम करवा रहा है। इसी इमारत में उसका परिवार भी रहता है। बुधवार शाम को जब काम समाप्त हुआ तो सुकेश की मां हरिबाई (45) अपने एक साल के पोते राज को लेकर चौथी मंजिल स्थित छत पर पहुंची। निर्माणाधीन इमारत में अभी रेलिंग नहीं लगी थी। अचानक हरिबाई का संतुलन बिगड़ा और वह पोते के साथ नीचे गिर गईं।
हादसे के समय उन्होंने पोते को गोद में लिया हुआ था। तेज आवाज हुई तो आसपास के लोग वहां पहुंचे। सुकेश भी आ गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एक साथ दो मौतों से घर में कोहराम मचा हुआ है।
करावल नगर में हादसा
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में बुधवार की दोपहर स्कूटी पर पिता के साथ घर लौट रही एक युवती को ईंट से भरे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने कुचल दिया। हालांकि पिता को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद आरोपी मौके पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
छात्रा की पहचान निधि (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पड़ताल कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4.37 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि जौहरीपुर नाला व शिव विहार तिराहे के पास एक हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली व स्कूटी पड़ी मिली।
वहीं पास में एक युवती का शव भी बरामद हुआ। छानबीन में पता चला कि ट्रैक्टर चालक यूपी की ओर से शिव विहार आया था। स्कूटी सवार विनोद अपनी बेटी निधि को लेकर घर जा रहे थे। इस बीच ट्रैक्टर चालक ने ओवरटेक करने के चक्कर में स्कूटी को टक्कर मार दी। पिता के साथ स्कूटी पर बैठी निधि एक ओर गिरी और ट्रॉली का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया।