दिल्ली सरकार से सौ फीसदी वित्त पोषित दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के 12 कॉलेजों को 18.75 करोड़ रुपये का अनुदान जारी कर दिया गया है। दिल्ली सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से वित्त वर्ष 2020-21 के लिए जारी अनुदान की यह पहली किश्त है। दरअसल अनुदान जारी नहीं होने के कारण कॉलेज शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों को वेतन नहीं दे पा रहे थे। हालांकि डीयू शिक्षक संघ समेत अन्य शिक्षक संगठन इस राशि को अपर्याप्त बता रहे हैं।
दिल्ली सरकार के कॉलेजों की ग्रांट रिलीज कराने की मांग को लेकर डूटा के आह्वान पर 28 अप्रैल को शिक्षकों ने घरों में रहकर भूख हड़ताल की थी। डीयू शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. राजीब रे ने कहा कि इससे पहले भी जो राशि दिल्ली सरकार ने कॉलेजों को दी थी उसमें फरवरी-मार्च का वेतन ही शिक्षकों और कर्मचारियों को दिया गया। अब जैसे ही कॉलेज यह अनुदान प्राप्त करते हैं इससे जल्द से जल्द वेतन दिया जाना चाहिए।
डीयू की फोरम ऑफ एकेडेमिक फॉर सोशल जस्टिस के चेयरमैन प्रो. हंसराज ने कहा कि सरकार को चार से छह महीने का अनुदान जारी करना चाहिए। देश में कोरोना संकट छाया हुआ है ऐसे में पूरा अनुदान नहीं जारी होने से शिक्षकों पर भी आर्थिक संकट है।