जनवरी में हैदराबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले रोहित वेमूला के भाई को दिल्ली सरकार द्वारा नौकरी देने के आश्वासन के विवाद में आने के बाद उसने नौकरी लेने से इनकार कर दिया है।
बता दें कि दिल्ली के ही एक वकील अवध कौशिक ने दिल्ली सरकार के इस प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर जवाब मांगा था।
इस मामले पर सुनवाई के दौरान मंगलवार को दिल्ली सरकार की ओर से बताया गया कि रोहित वेमूला के भाई राजा चेतन्य कुमार वेमुला ने पत्र लिख कर सरकार को बताया है कि उन्हें दिल्ली में नौकरी नहीं चाहिए।
इस जानकारी के बाद दिल्ली सरकार अपने फैसले को वापस ले रही है। हालांकि कोर्ट ने दिल्ली सरकार को इस मामले में दो हफ्ते के भीतर हलफनामा दायर करने को कहा है।
असल में दिल्ली के वकील ने आप सरकार के इस फैसले पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आखिर हैदराबाद के किसी शख्स को दिल्ली सरकार में कैसे नौकरी दी जा सकती है। वकील ने यह भी कहा कि दिल्ली में ही हजारों युवा नौकरी पाने के लिए प्रयासरत हैं।