मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोरोना से मौत की संख्या को शून्य पर लाने के लिए हर कदम उठाए जाएं।
दिल्ली सरकार ने राजधानी के जिन 10 कोविड अस्पतालों में मरीजों की सबसे अधिक मौतें हो रही थी,उनके मूल्यांकन के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई थी। समितियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंप दी। इस रिपोर्ट में समितियों ने सभी अस्पतालों के बारे में अलग-अलग सुझाव दिया है, जिसे अब दिल्ली सरकार लागू करेगी।
अरविंद केजरीवाल स्वयं कोविड-19 मरीजों की निगरानी कर रहे हैं। इससे मौतों की दर में कमी आई है। सीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बीते सप्ताह 4 समितियों का गठन किया था। सभी समितियों में 4-4 सदस्य थे। समिति में दो सदस्य आंतरिक चिकित्सा और दो सदस्य एनेस्थेसिया के विशेषज्ञ थे।
इन चारों समिति को 10 अस्पतालों में कोविड मौतों के कारणों का अध्ययन करने की जिम्मेदारी दी गई थी साथ ही यह समितियों को आवंटित अस्पतालों में यह भी देखेने के लिए कहा गया था कि कोविड मरीजों के इलाज में मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
समिति ने सभी अस्पतालों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया,जिसकी विस्तृत रिपोर्ट बुधवार को मुख्यमंत्री को सौंप दी गई। इस दौरान समिति की ओर से दिए गए सुझाव को लागू करने पर भी सहमति बनी है। समिति ने अलग-अलग अस्पतालों के लिए अलग-अलग सिफारिश की है।