मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने एयरपोर्ट पर 40 डॉक्टरों की टीम लगाई है। अभी तक 1 लाख 40 हजार 603 यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। उनको सर्विलांस पर रखा गया है। उनसे लगातार संपर्क किया जा रहा है। 14 दिनों तक उनकी निगरानी की जाएगी।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि यदि किसी में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं हैं तो अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं है। अस्पताल में जाकर किसी तरह का रिस्क न लिया जाए। सोमवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के साथ बैठक कर अगली रणनीति बनाई जाएगी। इसके साथ ही लोगों के विदेश आने-जाने पर पाबंदी की मांग की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
दिल्ली सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 011-23978046, 011-22307145, 011-22300012, 011-22300036 जारी किया है। किसी तरह का लक्षण पाए जाने पर इन नंबरों पर फोन किया जा सकता है। डॉक्टरों की टीम वहां पहुंचकर जांच करेगी।
मास्क और सैनिटाइजर की आवश्यकता नहीं : डॉक्टर
दिल्ली सरकार की डॉक्टरों की टीम ने साफ किया है कि स्वस्थ्य लोगों को मास्क पहनने और सैनिटाइजर की जरूरत नहीं है। इसकी जगह साबुन से बार-बार हाथ धोएं। दिन में कई बार हाथ धोने से यह संक्रमण नहीं फैलता है। मास्क व सैनिटाइजर की बढ़ी कीमत पर सरकार एक्शन लेगी।