अनलॉक-4 में जरूरी एहतियातों के साथ मेट्रो पटरी पर दौड़ने को तैयार है। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि सात सितंबर से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से कोरोना फैलाव से बचाव संबंधी उपायों के साथ मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। हालांकि शुरुआत में चुनिंदा रूट पर ही मेट्रो रुकेगी, ये रूट कौनसे होंगे, इसकी सूची शीघ्र जारी करेंगे। उधर, डीएमआरसी ने इससे इनकार किया है।
मेट्रो सेवाएं शुरू होने पर खुशी जताते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि मेट्रो में भीड़ न हो इस पर नजर रखने के लिए दिल्ली मेट्रो के 1000 अधिकारी मुस्तैद रहेंगे। स्टेशनों के बाहर लगने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में दिल्ली सरकार के वॉलंटियर मौजूद रहेंगे ताकि संक्त्रस्मण के प्रसार को रोका जा सके। यात्रियों के बीच एक मीटर की दूरी होगी और इसके लिए सीटों पर भी मार्किंग की गई है।
एसी के तापमान के लिए अलग मानक
संक्रमण से बचाव के लिए मेट्रो के अंदर एसी का इस्तेमाल भी नए मानकों के तहत किया जाएगा। तापमान इतना रखा जाएगा कि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। स्टेशनों पर मेट्रो अधिक देर तक रुकेगी। इससे न केवल हवा के आने जाने की जगह होगी बल्कि मेट्रो के अंदर भी यात्रियों को स्वच्छ हवा मिलती रहेगी। गहलोत ने कहा कि जिन स्टेशनों पर सेवाएं बहाल की जा रही हैं इसकी एक सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही यात्रियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।