राजधानी में इस माह संक्रमण के नए मरीजो की संख्या लगातार बढ़ रही है। जुलाई माह में संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीज ज्यादा थे,लेकिन अगस्त में यह तस्वीर बदल गई है। इस माह के अंतिम 15 दिनों में संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या कम रही है। इस कारण करीब तीन हजार नए केस बढ़ गए हैं।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक,15 दिनों में संक्रमण के 20,714 मामले आए और 17,814 मरीज ठीक हुए। लिहाजा,ठीक होने वालों के मुकाबले 2,900 संक्रमित ज्यादा रहे।
इससे नए मामले बढ़े और संक्रमण वृद्धि दर भी बढ़ गई। रिकवरी रेट भी 90 फीसदी से कम हो गई। वहीं,अगर जुलाई की बात करें तो तब संक्रमण के जितने मामले आते थे। उससे ज्यादा मरीज ठीक भी होते थे। नए मामले बढ़ने से अस्पतालों और होम आइसोलेशन के साथ-साथ कोविड केयर सेंटर में भी अब मरीजों बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए हर स्तर पर सख्ती की जा रही है। माइक्रों कंटेनमेंट जोन की रणनीति के तहत कंटेनमेंट जोन लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही कोरोना से बचाव के नियमों का पालन कराने के लिए सभी जिलों में निगरानी टीम भी बनाई गई है। दिल्ली सिविल डिफेंस की टीमें घर-घर जाकर लोगों को कोरोना जांच कराने के लिए प्रेरित कर रही है। जांच बढ़ाने से संक्रमितों की समय पर पहचान होगी। इससे मामलों को कम करने में आसानी होगी।
राजीव गांधी अस्पताल के डॉक्टर अजित ने कहा कि मरीजों के ठीक होने की दर लगभग जुलाई माह के बराबर ही है,लेकिन तब संक्रमण के मामले भी कम आ रहे थे। जिनमें अब बढ़ोत्तरी हो रही है।
सफदरजंग अस्पताल में मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर जुगल किशोर बताते हैं कि कुछ दिनों से मामले भले ही बढ़ रहे हो,लेकिन इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। ऐसा अगले कुछ दिनों तक होगा। उसके बाद कोरोना के केस में कमी आने लगेगी।
इस माह संक्रमण की स्थिति
( हर दिन संक्रमितों से कम रही ठीक होने वालों की संख्या)
तारीख- संक्रमित मरीज - ठीक हुए
15 1276 1143
17 787 740
19 1398 1320
21 1250 1082
23 1450 1250
25 1544 1155
27 1840 1130
29 1954 1449
--
नोट-सभी आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं