दिल्ली सरकार ने 14 बस डिपो में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने की शुरुआत कर दी है। इसके तहत राजघाट, छतरपुर, द्वारका सेक्टर-22, सीमापुरी, दिलशाद गार्डन, कैर, ढिचाऊ कलां, रानीखेड़ा, बवाना सेक्टर-1, रेवला खानपुर और कंझावला सहित दूसरे डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। सितंबर तक दिल्ली में 100 नए चार्जिंग स्टेशन लगाने की सरकार की योजना है।
दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीटीआईडीसी) ने नए स्टेशनों के निर्माण की शुरुआत कर दी है। चार्जिंग स्टेशनों पर जीपीएस सहित दूसरी सुविधाएं भी होंगी ताकि इनकी जानकारी आसानी से हासिल की जा सके। दिल्ली सरकार ने दो रुपये प्रति यूनिट की दर से इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के लिए चार्जिंग की सुविधा मुहैया करवाने की पहले ही घोषणा कर दी है। दूसरे राज्यों में चार्जिंग का खर्च प्रति यूनिट 10-12 रुपये या इससे भी अधिक है। अगले चरण में परिवहन विभाग की 20 और नई साइट को शामिल किया जाएगा।