मस्जिदों की दीवार पर लगाए गए पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार खौफ फैला रही है। लोकसभा चुनावों में अल्पसंख्यकों के वोट हासिल करने के लिए आप उनमें भाजपा को लेकर डर बिठा रही है। उनका आरोप है कि धर्म और संप्रदाय के नाम पर वोट जुटाना आप की फितरत में शामिल हो चुका है।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि बीते शुक्रवार करीब 400 शब्दों का पर्चा उर्दू और हिंदी भाषा में छपवाकर दिल्ली की कई मस्जिदों के बाहर बांटा गया। इस पर्चे पर एक तरफ अरविंद केजरीवाल और दूसरी तरफ लोकसभा क्षेत्र प्रभारी आतिशी का फोटो लगा है। इसमें लिखा है कि आजकल भाजपा, आरएसएस के लोग पार्कों में जाकर प्रचार कर रहें हैं कि मोदी ने बेड़ा गर्क कर दिया। इससे तो कांग्रेस ही अच्छी थी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पंफलेट बंटवाकर अल्पसंख्यक बहुल्य इलाके में बंटवाना आप की बौखलाहट सिद्ध करता है। पर्चे में यह भी लिखा है कि दिल्ली में आप ही भाजपा को हरा सकती है। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए आप से माफी मांगने की मांग की है।
सवर्णों को मिलना चाहिए अधिकार
विजेंद्र गुप्ता ने केंद्रीय कैबिनेट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सवर्णों को उनका अधिकार मिलना चाहिए। सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की योजना सराहनीय है। यह निर्णय एक बार फिर गरीबों के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को सिद्ध करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस और आप भी संसद में इस बिल का समर्थन करेंगी।