दिल्ली सरकार ने राजधानी में बढ़ते संक्रमण के चलते एक हफ्ते के लिए सभी बॉर्डर सील करने का आदेश दिया है। दिल्ली सरकार ने लोगों से सुझाव मांगा है कि क्या दिल्ली को अपनी सीमाएं अन्य राज्यों के मरीजों के लिए खोलनी चाहिए। दिल्लीवालों को इस मुद्दे पर अपनी राय शुक्रवार शाम पांच बजे तक भेजनी है। सरकार का कहना है कि वह इसके बाद फैसला करेगी कि आगे क्या करना है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि मैंने पिछली बार भी आप लोगों से राय मांगी थी तब हमें पांच लाख से भी ज्यादा लोगों ने अपनी सलाह दी थी। इस बार भी हम आप से एक महत्वपूर्ण विषय पर राय चाहते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले पांच साल में स्वास्थ्य सेवाओं का बहुत विकास किया है। बहुत से अस्पताल बनवाए और बेड्स उपलब्ध कराए। ऐसे में देशभर से लोग दिल्ली की बेहतरीन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए आएंगे। ऐसे में बाहरी लोगों के आने के चलते दिल्ली के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की कमी हो सकती है।