उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि एससीईआरटी द्वारा समय-समय पर सभी स्कूल प्रमुखों के कैपेसिटी बिल्डिंग व एडमिनिस्ट्रेटिव और लीडरशिप स्किल्स को और बेहतर करने के लिए इस प्रकार की ट्रेनिंग का आयोजन किया जाता है।
दिल्ली सरकार अपने स्कूलों के प्रमुखों को लीडरशिप और मैनेजमेंट के गुर सिखा रही है। इसके लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के स्कूल प्रमुखों के प्रोफेशनल डेवलेपमेंट के लिए चार दिवसीय लीडरशिप व मैनेजमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया है। इस प्रोग्राम में उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि स्कूल प्रमुख दिल्ली की शिक्षा क्रांति का आधार है। इन्हें स्कूल की तरक्की के लिए स्कूल लीडर के रुप में उभरने की जरुरत है।
विज्ञापन
सिसोदिया ने कहा कि हमारे स्कूल प्रमुखों ने स्कूल में एक प्रशासक के रूप में अपनी भूमिका को बखूबी निभाई है। स्कूल की सभी जरूरतों का ध्यान रखते हुए उसे टॉप क्लास बनाने का काम किया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये बेहद जरुरी है कि एक स्कूल लीडर के रूप में हमारे स्कूल प्रमुखों का बच्चो के प्रति प्यार व विश्वास हो, वे सांस्कृतिक विविधता को न केवल समझे बल्कि उनका सम्मान भी करें और बच्चों व टीचर्स के लिए प्रेरणास्रोत बने। स्कूल प्रमुखों के ये गुण पूरे स्कूल में दिखेंगे। यही हमारे स्कूलों को विश्वस्तरीय शिक्षा की राह में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
दिल्ली सरकार अपने स्कूल प्रमुखों को आईआईएम से लीडरशिप व मैनेजमेंट ट्रेनिंग दिलवाती है। उन्होंने कहा कि हमारे स्कूल प्रमुखों को अपने स्कूल की हर जरुरत चाहे वो प्रशासनिक हो या शैक्षणिक उसकी पहचान करें और स्कूल लीडर के रूप में सभी हितधारकों को साथ लाकर उसपर काम करें।
विज्ञापन
सिसोदिया ने कहा कि एससीईआरटी द्वारा समय-समय पर सभी स्कूल प्रमुखों के कैपेसिटी बिल्डिंग व एडमिनिस्ट्रेटिव और लीडरशिप स्किल्स को और बेहतर करने के लिए इस प्रकार की ट्रेनिंग का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर शिक्षा निदेशक हिमांशु गुप्ता, प्रधान शिक्षा सलाहकार शैलेंद्र शर्मा, एससीईआरटी निदेशक रजनीश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।