दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि दिल्ली सरकार ने लोगों से जो लॉकडाउन के चौथे चरण के लिए सुझाव मांगे थे उसका अनुभव काफी अच्छा रहा। लोगों ने पांच लाख सुझाव दिए हैं और इनमें कई सुझाव अच्छे हैं। हम इन पर विचार कर अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप देंगे।
उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में केंद्र सरकार के पास विशेष अधिकार होते हैं और अंतिम निर्णय उसे ही करना है कि राज्य किस प्रकार से काम करेंगे। लॉकडाउन में छूट को लेकर अब उन्होंने गेंद केंद्र सरकार के पाले में डाल दी है।
केजरीवाल ने बताया कि आज शाम चार बजे दिल्ली के उपराज्यपाल और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ बैठक है, जिसमें इन सुझावों पर चर्चा होगी। इसके दो-तीन दिन बाद हम नई रणनीतियों को जनता के सामने पेश करेंगे।