दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए अपना पिटारा खोल दिया है। राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों के पास आउट होने वाले छात्र-छात्राओं की आगे की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप शुुरू करने की घोषणा की है।
इसके तहत अलग-अलग आय वर्ग के विद्यार्थियों को 25 से लेकर 100 फीसदी की स्कॉलरशिप देने की बात कही गई है। दिल्ली सरकार ने प्रतियोगी परीक्षा के लिए भी तैयारी कराने की योजना शुरू करने की घोषणा की है।
शनिवार को उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने त्यागराज स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में यह घोषणा की। सम्मान समारोह में 90 फीसदी व उससे अधिक नंबर लाने वाले सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों, अध्यापकों, और प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उपस्थित थे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीते साल दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 90 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 500 थी जो इस वर्ष बढ़कर 1000 हो गई है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों ने 94.2 फीसदी रिजल्ट लाकर 21 साल के रिकॉर्ड को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि इस देश में पैदा होने वाले प्रत्येक बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए चाहे वह किसी भी वर्ग से आता हो।