दिल्ली में पहली बार कोरोना से 20 लोगों की मौत एक ही दिन में दर्ज की गई हैं। हालांकि यह मौतें कुछ दिन पहले ही हो चुकी हैं लेकिन अस्पतालों से अब मिली जानकारी के बाद दिल्ली सरकार ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की है। इसी के साथ दिल्ली में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 100 पार हो चुका है।
गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि पिछले एक दिन में 359 नए संक्रमित मामले सामने आए। जबकि 20 मरीजों की मौत भी दर्ज की गई है। अभी तक दिल्ली में 106 मरीज कोरोना के कारण दम तोड़ चुके हैं।
वहीं कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 7998 हो चुकी है। इनमें से 346 मरीजों को बुधवार को छुट्टी दी गई। अभी तक 2858 मरीजों को छुट्टी मिल चुकी हैं। दिल्ली में कोरोना के एक्टिव केस 5034 हैं।
इसमें से 1634 मरीज दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। जिनमें से 114 आईसीयू पर और 14 वेंटिलेटर पर हैं। कोविड हेल्थ सेंटर में 229 मरीज, कोविड केयर सेंटर में 826 और होम आइसोलीन में 1113 मरीज भर्ती हैं। अभी तक 113345 टेस्ट हो चुके हैं। विभाग के अनुसार दिल्ली में करीब 80 हॉटस्पॉट हैं।