नगर निगम की शिकायत पर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के खिलाफ वसंतकुंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि डायल एयरपोर्ट से निकलने वाले कचरे को हवाई अड्डे के नजदीक रंगपुरी में जगह-जगह डंप कर रहा था।
इससे न सिर्फ विमानन सुरक्षा को खतरा बना हुआ था बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरणीय खतरे भी बने हुए थे। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर एसडीएम, पुलिस अधिकारियों और नगर निगम अधिकारियों ने डायल अधिकारियों की मौजूदगी में रंगपुरी का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। रंगपुरी में कई स्थानों पर कूड़ा फेंका गया था। पुलिस को दी शिकायत में एमसीडी (ईएमएस) के जूनियर इंजीनियर संघप्रिय शाक्य ने बताया कि वह नजफगढ़ जोन में तैनात हैं। खबर मिली थी कि एयरपोर्ट के नजदीक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने डंपिंग यार्ड बनाया हुआ है।
सात मार्च को एसडीएम ने नोटिस भेजकर रंगपुरी में निरीक्षण करने की बात की। आठ मार्च को एसडीएम, एमसीडी अधिकारी, पुलिस की टीम डायल अधिकारियों की मौजूदगी में निरीक्षण करने पहुंची।
छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। जूनियर इंजीनियर ने अपनी शिकायत में बताया कि डायल ने पर्यावरण कानूनों और नगर पालिका नियमों का उल्लंघन किया है। वसंतकुंज साउथ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।