एग्जिट पोल फेल होंगे। भाजपा 48 सीटों के साथ सरकार बनाएगी। - मनोज तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
आप: काम पर मिला वोट
परिणाम और अच्छे आएंगे। जनता ने काम पर वोट दिया। भाजपा ने नफरत फैलाई। - संजय सिंह, सांसद, आप
111 साल की कालीतारा ने भी किया मतदान
सबसे उम्रदराज कालीतारा (111) मंडल ने चितरंजन पार्क स्थित बूथ पर वोट डाला। दिल्ली में 100 वर्ष से अधिक उम्र के 147 मतदाता हैं।
छिटपुट हिंसा के बीच शांतिपूर्ण मतदान
राजधानी में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच शनिवार को मतदान संपन्न हो गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहत की सांस ली है। एकाध जगह हल्की-फुल्की झड़प को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक निपट गया। चुनाव के नोडल अधिकारी पुलिस उपायुक्त शरत कुमार सिन्हा ने बताया कि मतदान के दौरान पुलिस को कुल 223 कॉल मिली। इनमें 73 मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार की थीं। हरिनगर में वोट डालने आए एक बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
शरत कुमार सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार रात से ही पड़ोसी राज्यों से सटे राजधानी के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए थे। सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के 42 हजार कर्मी, अर्धसैनिक बलों की 190 कंपनियां और होमगार्ड के 19 हजार जवान तैनात थे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की छतों पर भी सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था। सुबह से शाम 6 बजे तक पुलिस नियंत्रण कक्ष को कुल 223 कॉल्स मिलीं। इनमें 73 चुनाव प्रचार की, 18 झगड़े की, 12 वोट न डालने देने की शामिल थीं। ब्यूरो
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मतदान खत्म होने के बाद अपने आवास पर वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई। बैठक में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह, दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय व प्रशांत किशोर मौजूद थे। बैठक में ईवीएम व स्ट्रांग रूम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पार्टी की ओर से किए गए इंतजामों की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद संजय सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम के नजदीक कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। किसी भी तरह की आशंका होने पर वह इसकी तत्काल सूचना पार्टी के कंट्रोल रूम को देंगे। यहां से आगे जरूरी कार्रवाई की गई है। संजय सिंह ने कुछ जगहों पर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की आशंका जाहिर की। संजय सिंह के मुताबिक, 24 ईवीएम को सील करने के बाद सीधे स्ट्रांग रूम में ले जाना चाहिए। बावरपुर और विश्वास नगर से इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं।