करीब साढ़े पांच बजे थे कि वहां पर लोकसभा सांसद मीनाक्षी लेखी आ गई। वे भी सीधे सेल्फी स्टैंड पर पहुंच गई। कुछ देर सेल्फी कार्यक्रम चला। उसके बाद वे आसपास कहीं बैठ गई। उनके जाते ही कार्यकर्ताओं में टोपी और पार्टी चिन्ह लेने की होड़ लग गई। जिस ओर से कोई भी व्यक्ति बड़ा सा बॉक्स हाथ में लिए दिखता, भीड़ उसी तरफ लपकने लगती। जब उन्हें टोपी मिल जाती तो वे सेल्फी स्टैंड पर पहुंच जाते। सेल्फी लेने के बाद वे एक दूसरे से पूछते, बताओ कैसा लग रहा है। घरवालों को पसंद तो आएगा। चलो भेज देते हैं अभी। इसके थोड़ी दूरी पर ही भगवा रंग के कपड़े पहने कुछ युवा डांस कर रहे थे। सेल्फी स्टैंड के आसपास भी कुछ नेता पगड़ी पहने थिरक रहे थे। बाजार में एक छोटी गाड़ी भी खड़ी थी।उसमें, ‘मुझे चढ़ गया भगवा रंग’,गीत बज रहा था।यहां पर भाजपाई झूम रहे थे।
अमित शाह ने फूल बरसाकर अभिवादन किया...
छह बजकर बीस मिनट पर अमित शाह अपने वाहन में सवार हो गए। उनके आते ही सेल्फी वाले कार्यकर्ताओं में जोश आ गया। जोश खुद की सेल्फी को लेकर था। अमित शाह के वाहन के आगे रस्सी से बेरिकेडिंग की गई थी। पुलिस लोगों को आगे करती रही। अमित शाह ने वाहन से नीचे चल रहे लोगों पर फूल बरसाना शुरू किया। चूंकि वे डेढ़ घंटा देरी से पहुंचे थे तो उनकी गाड़ी बिना रुके आगे बढ़ने लगी। गाड़ी के आगे दो सौ मीटर तक भाजपा कार्यकर्ता चल रहे थे। अमित शाह के साथ लोकसभा सांसद मीनाक्षी लेखी और करोलबाग विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया भी रहे।