उत्तर पश्चिम जिले के जहांगीरपुरी इलाके में सोमवार शाम पांच नाबालिगों ने दो लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। आरोपियों ने चाकू टूटने तक वार किया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां अमन उर्फ गोरिल्ला की मौत हो गई।
पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों में तीन और दो को वारदात के अगले दिन पकड़ा है। अभी तक मामले में पांच नाबालिगों को पकड़ा गया है। पूछताछ में पता चला है कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात के दौरान जब आरोपी अमन पर चाकू से वार कर रहे थे।
इस दौरान अमन को बचाने उसके दोस्त के पिता पवन आए, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। 21 वर्षीय अमन अपने परिवार के साथ जहांगीरपुरी के के ब्लॉक में रहता था। वह अपने भाई के साथ काम करता था। घायल पवन की बेटी ने बताया कि आरोपियों की उसके भाई मंजीत और उसके दोस्त अमन से दुश्मनी थी।