पूर्वी दिल्ली नगर निगम में अब औद्योगिक और घरेलू उद्योग लाइसेंस ऑनलाइन मिल सकेगा। इसके लिए आवेदक एक अप्रैल से निगम की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इससे लोगों को निगम के कार्यालयों में चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही लाइसेंस का नवीनीकरण भी ऑनलाइन हो सकेगा।
निगमायुक्त विकास आनंद ने कहा कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत औद्योगिक और घरेलू लाइसेंस बनाने के लिए जरूरी दस्तावेजों में भी कमी की गई है। वहीं, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने कहा कि लाइसेंस पॉलिसी के सरलीकरण के तहत इस व्यवस्था को आरंभ किया जा रहा है। इससे इंस्पेक्टर राज भी खत्म होगा और लोगों को निगम कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता भी नहीं होगी।
सत्यपाल ने बताया कि इससे पहले लोगों को क्षेत्रीय कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्र में लाइन में लाइसेंस और प्रोसेसिंग फीस जमा करानी होती थी। अब लाइसेंस का नवीनीकरण ऑनलाइन रूप से हो सकेगा। इससे नेट बैंकिंग या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से जमा कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आवश्यक ऑनलाइन औपचारिकता पूरी करने के बाद एक क्लिक करने पर औद्योगिक और घरेलू उद्योग लाइसेंस प्राप्त किया जा सकेगा।