अमृत महोत्सव के मौके पर द्वारकाधीश भी आजादी के रंग में रंगे नजर आएंगे। इस्कॉन द्वारका ने आजादी के महोत्सव को धूमधाम से मनाने की तैयारी की है। रुक्मिणी और द्वारकाधीश के वस्त्र केसरिया, सफेद और हरे रंग में तैयार किए जा रहे हैं। यही नहीं, भोग के सारे पकवान भी तिरंगे के रंग मे रंगे होंगे।
इसके अलावा 15 अगस्त को मंदिर परिसर में विश्व शांति के लिए यज्ञ किया जाएगा। श्रद्धालु विश्व के कोने-कोने में अमन-चैन के लिए प्रार्थना करेंगे। मंदिर प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी को अपने परिवार के साथ यहां आने के लिए आमंत्रित किया है।
इस्कॉन द्वारका के प्रबंधक अर्चित प्रभु ने कहा कि इस खुशी को भगवान के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस्कॉन मंदिर में सबके लिए आरती और प्रार्थना करने का इंतजाम है। मंदिर की सजावट तीन रंगों में होगी। युवाओं के आकर्षण के लिए ‘सेल्फी प्वाइंट’ भी इसी थीम से प्रेरित होगा।
इस अवसर पर भगवान का प्रसादम तिरंगे के रंग में सजकर वितरित होगा। बच्चों के लिए बेकरी व्यंजनों में पेस्ट्री और केक तिरंगे के रंगों में होगा। इसके अलावा, सैंडविच, कुकीज, बर्फी और चाऊमिन भी ट्राई कलर में पेश किए जाएंगे। मंदिर के प्रांगण में स्थित गोविंदा के पकवानों में देशभक्ति की खुशबू और रंगीला रंग देखने को मिलेगा।
व्यापारी ग्राहकों को भेंट स्वरूप दे रहे झंडा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत व्यापारियों का एक बड़ा वर्ग हिस्सेदारी ले रहा है। ग्राहकों को भेंट स्वरूप तिरंगा भी दिया जा रहा है। इस कड़ी में उत्तरी दिल्ली के मशहूर कमला नगर मार्केट को पूरे तरह से सजाया गया। सभी दुकानदारों ने मिलकर अपनी मार्केट में तिरंगे झंडे को लगाया है। न्यू कमला नगर ट्रेडर एसोसिएशन के महामंत्री विमल खन्ना ने बताया कि बाजार में अमृत महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी दुकानदारों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने की अपील की गई है।