एक ड्राइवर अपने मालिक के 20 लाख रुपये चुराकर यूपी ले गया। वहां पीलीभीत निवासी महिला दोस्त के घर पर ढोलक में छिपाकर रख दिए। बाराखंभा थाना पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ढोलक को बरामद कर लिया है और उससे 18 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुजरावाला टाउन, भाग-दो दिल्ली में रहने वाले व्यवसायी बृजकिशोर सभरबाल की शेयर मार्केट में पैसे लगाने की कंपनी है। उन्होंने बाराखंभा थाना पुलिस को तीन नवंबर को शिकायत दी थी कि वह दो नवंबर को कैलाश बिल्डिंग बाराखंभा रोड एक मीटिंग के लिए आए थे। मीटिंग के बाद जब वह कार के पास आए तो ड्राइवर पवन शर्मा गायब था और कार में रखे 20 लाख रुपये भी गायब थे।
उन्होंने गांव पासगावबन पोस्ट ऑफिस मीरपुर हेमपुरा, बिलसंडा पीलीभीत यूपी निवासी पवन को करीब पांच वर्ष पहले ड्राइवर की नौकरी पर रखा था। मामला दर्जकर एसीपी अतुल कुमार वर्मा की देखरेख में एसआई वरुण चेची की टीम ने जांच शुरू की।
इस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पवन कुमार के मोबाइल की सीडीआर खंगाली गई। पवन दिल्ली स्थित अपने घर से फरार मिला। एसआई वरुण चेची व हवलदार रविंद्र की एक टीम पीलीभीत भेजी गई। कई दिन की जांच के बाद टीम ने आरोपी पवन शर्मा को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने पैसे अपनी महिला दोस्त के घर पर ढोलक में छिपा कर रखे हैं। पुलिस ने महिला दोस्त के घर से 18 लाख रुपये बरामद कर लिए। आरोपी पवन शर्मा के खिलाफ उसके गावं बिलसंडा पीलीभीत में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।