दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में गर्मी का कहर जारी है। दिल्ली में सोमवार इस बार के मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। दिन में पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 4 डिग्री ऊपर है।
वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री ऊपर 25.5 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रहा था। पूरे एनसीआर में दिन में लू का दौर जारी रहा। साथ ही रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली।
मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन लू से राहत के कोई संकेत नहीं दिए हैं जबकि 20 अप्रैल से तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम यूपी में गरज के साथ हल्की बारिश होने या तेज धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।