डीसीपी द्वारका अंटो अल्फोंस के मुताबिक, सेक्टर -23 श्याम वाटिका में छापा मारकर दिल्ली- हरियाणा के 37 खूंखार बदमाशों को शराब पार्टी करते हुए पकड़ा है। 31 अगस्त 2020 तक गैंगस्टर सनी मेडिकल आधार पर अंतरिम जमानत पर था।
सनी एक हत्या के आरोप में लंबे वक्त से तिहाड़ जेल में बंद था। पार्टी की जानकारी बीट कांस्टेबल राम चंदर और राम किशन को मिल गई। दोनों पुलिसवालों ने आलाधिकारियों को तत्काल पूरे मामले की जानकारी दी। इस सूचना पर पुलिस टीम के साथ-साथ सादे कपड़ों में जवान फार्म हाउस पर छापेमारी के लिए पहुंच गए।
फार्म हाउस में दाखिल होने पर पुलिस ने पाया कि सभी बदमाश बॉलीवुड गानों पर शराब के नशे में झूम रहे थे। तभी पुलिस को देखकर सभी बदमाश बाउंड्री से छलांग मारकर भागने के फिराक में थे, लेकिन घेराबंदी कर 37 बदमाशों को दबोच लिया गया।
हालांकि 3 से 4 बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। फार्म हाउस से सनी समेत 37 बदमाशों को पकड़ गया है। जिनमें महेश सेहरावत, केशव लांबा, बिरजू , नीरज, और सज्जन के पास से अत्याधुनिक हथियार मिले हैं।
पुलिस ने पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बाकी का चालान कर छोड़ दिया गया। पुलिस को मौके से तीन लग्जरी कारें भी बरामद हुई है। वहीं पुलिस ने फार्म हाउस के मालिक के भी खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही जमानत पर रिहा सभी आरोपियों का पूरा ब्योरा खंगाला जा रहा है।