कोरोना जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में गुरुवार को 4000 से भी कम मामले सामने आए हैं। गुरुवार को जारी बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना के 3231 मामले सामने आए हैं। इस दौरान कोरोना संक्रमण से 233 लोगों की मौत हो गई और 7831 लोग ठीक हुए हैं।
दिल्ली में 24 घंटे में कुल 58744 टेस्ट हुए, जिसके बाद अब दिल्ली की संक्रमण दर घटकर 5.50 फीसदी हो गई है। हालांकि दिल्ली में टेस्टिंग की घटती संख्या चिंता का विषय है कि अगर ज्यादा टेस्ट हों तो कहीं यह आंकड़े ज्यादा न हो जाएं। 58744 टेस्ट में से 43914 आरटीपीसीआर टेस्ट हुए और 14830 एंटीजन टेस्ट हुए। दिल्ली में अब तक कुल 1 करोड़ 85 लाख 32 हजार 803 टेस्ट हो चुके हैं।
दिल्ली के अस्पतालों में बेड की बात करें तो 24424 में से 12462 भरे हुए हैं और 11962 खाली हैं। कोविड केयर सेंटर और कोविड हेल्थ सेंटर में क्रमश: 5685 और 515 बेड खाली हैं। वर्तमान में होम आईसोलेशन में कुल 23851 मरीज हैं।
इसके साथ ही अब दिल्ली में अब तक कोरोना पॉजिटिव हुए लोगों की कुल संख्या 14 लाख 9 हजार 950 हो गई है। इसमें से 13 लाख 47 हजार 157 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं तो 22579 लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह दिल्ली की कुल संक्रमण दर 7.61 प्रतिशत है और मृत्यु दर 1.60 प्रतिशत है। दिल्ली में इस वक्त कुल 40214 सक्रिय मरीज हैं। वहीं राजधानी में कुल 56833 कंटेनमेंट जोन हैं।