हॉटस्पॉट में कोरोना से बचाव के लिए जरूरी सभी नियमों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। द्वारका और महावीर एन्क्लेव के हॉटस्पॉट के इर्द-गिर्द सड़कें वीरान हैं। जरूरी सामान की आपूर्ति भी पुलिस की मदद से जरूरी दूरी के नियमों का पालन करते हुए की जा रही है।
हालांकि द्वारका सेक्टर-11 स्थित अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी पर सब्जियों की दुकानें खुली हैं, लेकिन अधिकतर ऑर्डर सिक्योरिटी गार्ड के जरिये ही फ्लैटों तक पहुंच रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि दुकान के बाहर रस्सी लगा दी गई है, ताकि लोग नियत दूरी से ही खरीदारी करें।
क्षेत्रीय एसडीएम के मुताबिक, हॉटस्पॉट की गलियां और रास्ते सील कर दिए गए हैं। किसी भी व्यक्ति को न तो इसमें प्रवेश की इजाजत है और न ही कोई बाहर निकल सकता है। कोई सेहत संबंधी परेशानी हो तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सलाह पर ही उन्हें इलाज के लिए जाने दिया जाता है।
उधर, महावीर एन्क्लेव की गलियों में खुलने वाली फ्लैटों की खिड़कियां तक बंद है और लोग बालकनी में भी आने से कतरा रहे हैं। होम क्वारंटीन के अलावा अन्य लोग भी घरों के अंदर ही हैं, ताकि संक्रमण के खतरे से बचा जा सके।