कोरोना वायरस को लेकर दिल्ली सरकार को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। दिल्ली में क्वारंटीन 46 हजार लोगों में से 27 हजार में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। इसके चलते इन लोगों को क्वारंटीन सेंटरों से सकुशल उनके घरों तक पहुंचा दिया है।
दिल्ली के 11 जिलों में 19 क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें पांच फाइव स्टार होटल भी शामिल हैं। बीते 18 मार्च तक 22997 लोग कोरोना प्रभावित देशों से लौटकर दिल्ली आए थे, जिसके चलते इन्हें क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया था, लेकिन अब इनमें से 21853 लोग अपने घर पहुंच चुके हैं। इनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। साथ ही इन्होंने क्वारंटीन फेज भी पूरा कर लिया है। अब महज 1144 लोग ही क्वारंटीन सेंटरों में हैं, जिन्हें अगले दो से तीन दिन में घर भेजा जा सकता है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमण प्रभावित देशों से लौटने वाले और संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन किया गया था। अब तक 45928 लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है, जिनमें विदेश से आने वाले 22997 और मरीजों के संपर्क में आए 22931 लोगों को सरकारी केंद्र और होम क्वारंटीन पर रखा गया। राहत की खबर है कि विदेशों से लौटे 21853 लोग और 5693 मरीजों के संपर्क में आए लोग स्वस्थ हैं। उनमें बुखार, सर्दी, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, बदन दर्द इत्यादि के लक्षण नहीं मिले हैं।
फिलहाल दिल्ली में 18596 लोग क्वारंटीन हैं। इनमें से विदेशों से आने वाले 1358 और मरीजों के संपर्क में आए 17238 लोग शामिल हैं। दिल्ली सरकार के 19 सेंटरों में केवल 3183 लोगों को क्वारंटीन किया है। बाकी सभी लोग अपने-अपने घरों में होम क्वारंटीन पर हैं।