दिल्ली में आज सुबह से हुई जोरदार बारिश के कारण कई इलाकों में भारी जलभराव से लोग परेशान हैं। सड़कों पर पानी भर जाने के कारण जाम लगा हुआ है और वाहन पानी से बाहर भी नहीं आ पा रहे हैं। वाहनों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में हुई बारिश के बाद ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि मिंटो ब्रिज से जलभराव निकाल दिया गया है। आज सुबह से ही मैं एजेंसियों के संपर्क में था और वहां से पानी हटाने की प्रक्रिया मॉनिटर कर रहा था। दिल्ली में ऐसे और भी स्थानों पर हम नजर रखे हुए हैं। जहां भी पानी इकट्ठा हुआ है उसे तुरंत पंप किया जा रहा है।
इस साल सभी एजेंसियां, चाहे वो दिल्ली सरकार की हो या एमसीडी की, कोरोना नियंत्रण में लगी हुई थीं। कोरोना की वजह से उन्हें कई कठिनाइयां आईं। ये वक्त एक दूसरे पर दोषारोपण का नहीं है। सबको मिलकर अपनी जिम्मेदारियां निभानी हैं। जहां-जहां पानी भरेगा, हम उसे तुरंत निकालने का प्रयास करेंगे।
आपको बता दें कि दिल्ली के मिंटो रोड पर तो हालत ऐसी हो गई कि गहरे जलजमाव के बीच सड़क पर एक शव बहता हुआ नजर आया। शव की पहचान 60 वर्षीय कुंदन के रूप में की गई है। वह टाटा एस (छोटा हाथी) गाड़ी से कनॉट प्लेस की ओर जा रहा था।
भारी बारिश के कारण उसकी गाड़ी मिंटो पुल के नीचे फंस गई। उसने वाहन को पानी से बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन और गहराई में चला गया। माना जा रहा है कि इसी दौरान डूब जाने के कारण उसकी मौत हो गई। शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं है।
इस मामले को लेकर उत्तरी दिल्ली के मेयर जय प्रकाश ने कहा कि इस तरह की घटनाएं तब तक होती रहेंगी जब तक कि दिल्ली सरकार अपने गैर-जिम्मेदाराना रवैये को नहीं छोड़ देतीं। मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और मृतक के परिजनों के लिए सहायता राशि की घोषणा करनी चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।