वहीं, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने थप्पड़ मारने के दावों से इनकार कर दिया है। सचदेवा ने बताया कि आरोपी ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर खींचने का प्रयास किया था, जिससे धक्का-मुक्की हुई। सीएम का सिर टेबल के कोने से टकराया है। डॉक्टरों ने सीएम की स्थिति स्थिर बताई है। हालांकि सीएम सदमे में बताई जा रही हैं। भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने यह भी स्पष्ट किया कि पत्थर फेंके जाने या थप्पड़ मारे जाने की अटकलें गलत हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?"
जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमले की चश्मदीद सामने आई है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद चश्मदीद अंजलि ने कहा कि "यह गलत है। जनसुनवाई का अधिकार सभी को है। अगर कोई धोखेबाज उन्हें थप्पड़ मार सकता है, तो यह बहुत बड़ी बात है, मैं वहीं थी। वह व्यक्ति बोल रहा था और उसने अचानक थप्पड़ मार दिया। पुलिस उसे ले गई है।
जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला को लेकर शख्स शैलेंद्र कुमार ने कहा कि मैं उत्तम नगर से सीवर की शिकायत लेकर आया था। जब मैं गेट पर पहुंचा तो अफरा-तफरी मची थी, क्योंकि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया था। यह गलत है।