दिल्ली मुख्य निर्वाचन कार्यालय (सीईओ) ने भाजपा और आम आदमी पार्टी को आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया है। निर्वाचन कार्यालय ने दो नोटिस एक भाजपा और आप को जारी कर जवाब मांगा है। कार्यालय ने यह नोटिस चुनाव आयोग और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने को लेकर जारी किया है।
वहीं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी दिल्ली कार्यालय ने बताया कि आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघन के मामले में अब 21 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि प्रदेश भाजपा प्रदेश विधि विभाग ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में चुनाव आयोग को पत्र भेजकर शिकायत की थी।भाजपा का कहना था कि सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी के चुनावी प्रचार गीत में बच्चों के हाथों में चुनावी निशान झाडूं को पकड़कर नाचते हुए दिखाया गया था जो कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। आम आदमी पार्टी अपने चुनावी प्रचार के लिए बच्चों का दुरूपयोग कर रही है जो कि चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देश का उल्लघंन है।
भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा था कि बच्चों का मन कोमल होता है और उनके ऊपर ऐसी प्रचार गतिविधियों का गलत असर पड़ता है। आम आदमी पार्टी बच्चों को अपने चुनावी प्रचार में इस्तेमाल कर चुनाव आयोग द्वारा दिशानिर्देश का उल्लघंन करने के साथ ही आदर्श आचार संहिता की भी अवहेलना कर रही है। इसपर उचित कार्यवाई की जानी चाहिए। आम आदमी पार्टी चुनाव जीतने के लिये किसी भी हद तक जा सकती है जिसका स्पष्ट प्रमाण कोमल ह्दय बच्चों का अपने चुनावी प्रचार में इस्तेमाल करना है।
तिवारी ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी का चेहरा जनता के सामने है जो बच्चों के कोमल मन पर पडने वाले असर का ध्यान भी नहीं रखती है। चुनाव जीतने के लिए कोई भी हथकंडा अपना सकती है। आम आदमी पार्टी ने पहले भी लोकसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता का उल्लघंन कई बार किया है।