बजट में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत नियमों पर अमल में श्रम शक्ति के आभाव में रहने वाली कमियों को दूर करने के लिए 2020-2021 के बजट में एनवायरमेंट मार्शल की नई योजना का प्रस्ताव किया है। दो करोड़ रुपये के खर्च से इस योजना को अमली जामा पहनाया जाएगा। इसके तहत पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यों के लिए समर्पित श्रमशक्ति की कमी भी नहीं रहेगी।
स्मॉग टावर के लिए 30 करोड़ का बजट
प्रदूषण को बड़े पैमाने पर दूर करने के लिए स्मॉग टावर स्थापित करने की परियोजना पर अमल की जरूरत है। दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण प्रबंधन योजना के तहत कुल 30 करोड़ रुपये के परिव्यय का बजट प्रस्ताव है।
पांच वर्ष में लगाए जाएंगे दो करोड़ पौधे
हरित पर्यावरण के लिए वन क्षेत्र और वृक्षों के दायरे में बढ़ोतरी के लिए विभिन्न उपायों किए जा रहे हैं। इसके तहत वन और हरित क्षेत्र का दायरा 2015 के 299.77 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 2019 में 324.44 वर्ग किलोमीटर हो गया है। हरित क्षेत्र बढ़कर 21.88 फीसदी तक पहुंच गया है। अगले पांच वर्ष में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए वर्ष 2020-21 में 22 हरित एजेंसियों की ओर से 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।