सिसोदिया ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2019-20 के लिये अनुमानित 60 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है जो 2014-15 के बजट की तुलना में दो गुणा है।’’ वित्त वर्ष 2018-19 के लिये 53 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था।
दिल्लीवासियों को 20 हजार लीटर पानी मुफ्त देने की सरकार की योजना पर बोलते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा, “2015 में इस योजना को लागू करने से पहले 5 लाख परिवार ऐसे थे जो 20,000 लीटर प्रतिमाह से कम पानी खर्च करते थे लेकिन अब यह संख्या बढ़ कर 13,67,000 हुई है।"
शिक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता
दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता शिक्षा को बताते हुए सिसोदिया ने कहा कि 2019-20 में शिक्षा का बजट कुल बजट का 26% है। उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने ऐलान किया है कि दिल्ली के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में 13000 सीट बढ़ाए जाएंगे। इस साल इसके लिए 527 करोड़ रुपए आवंटित किए जाते हैं।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों को सदन में मोदी-मोदी नारा लगाने के कारण मार्शलों की मदद से बाहर निकाल दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि भाजपा के विधायक वायु सेना के जवानों की सराहना करने के बजाय सदन में मोदी-मोदी का नारा लगा रहे थे।
भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि उन्हें वायु सेना के जवानों की तारीफ करने का समय नहीं दिया गया। उल्लेखनीय है कि पुलवामा आतंकवादी हमले के 12 दिन बाद मंगलवार तड़के भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान में कई जगहों पर हवाई हमला कर आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया।