बीटेक(कंप्यूटर साइंस) डिग्री होल्डर युवक ठगी करने में लगा हुआ था। वह नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से ठगी कर रहा था। नौकरी के लिए वह फेसबुक पर जानकारी देता था। कनॉट प्लेस में युवती से लैपटॉप व मोबाइल ठग लिया था। कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गुरुग्राम स्थित उसके घर से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अभी तक कितने लोगों के साथ ठगी कर चुका है।
नई दिल्ली जिला डीसीपी डा. ईश सिंघल के अनुसार लक्ष्मी नगर निवासी प्राची(20) ने 22 नवंबर को कनॉट प्लेस में शिकायत दी थी। एक युवक ने फेसबुक पर नौकरी के लिए विज्ञापन डाला हुआ था। उसने युवक से संपर्क किया। युवक ने उसे कनॉट पलेस में साक्षात्कार के लिए बुलाया। कुछ बात करने के बाद युवक ने कहा कि उसकी नौकरी मिल गई और उसे घर से काम करना होगा।
आरोपी युवक विशाल कुमार ने उससे उसका लैपटॉप व मोबाइल ये कहकर मांगा कि उसे कंपनी के सॉफ्टवेयर लोड करने होंगे। युवक सॉफ्टवेयर लोड करने के नाम पर युवती का लैपटॉप व मोबाइल लेकर गायब हो गया। मामला दर्जकर एसीपी कनॉट प्लेस सिद्धार्थ जैन व थानाध्यक्ष आईके झा की देखरेख में एसआई राहुल कुमार, एसआई अमित व सिपाही रामपाल की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो कार का रजिस्ट्रेशन नंबर मिला। पर रजिस्ट्रेशन नंबर पर आखिर का अंक गायब था। पुलिस ने गुरुग्राम परिवहन विभाग से सहायता मांगी। एसआई राहुल सिंह व अमित कुमार की टीम ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी सेंट्रम पार्क, सेक्टर-103, गुरुग्राम निवासी विशाल कुमार(25) को बुधवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे ये युवती का लैपटॉप व मोबाइल बरामद कर लिया गया।