देश में सैकड़ों जिंदगियां खून की कमी के कारण चली जाती हैं। ऐसे में रक्तदान की महत्ता को समझते हुए भारत हेल्थकेयर ने ब्लड डॉट लाइव के नाम से अनूठी पहल की है। यह रियल टाइम काम करने वाला एक निशुल्क एप है, जिसकी मदद से रक्तदान करने के इच्छुक लोग जरूरतमंद लोगों से संपर्क कर सकेंगे।
इसका उद्देश्य सभी जरूरतमंदों के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना, रक्तदान के लिए नेटवर्क बनाना, तत्काल जरूरत पड़ने पर रक्त उपलब्ध कराना है। भारत 135 करोड़ की आबादी वाला देश है। आंकड़े बताते हैं कि यहां उपलब्ध रक्त की तुलना में मांग 400 फीसदी ज्यादा है। यहां जरूरत से चार करोड़ यूनिट कम खून विभिन्न ब्लड बैंक में उपलब्ध है।
देश में हर साल करीब छह करोड़ सर्जरी होती है। रोजाना 1200 सड़क दुर्घटनाएं होती है। लाखों बड़े ऑपरेशन, कीमोथेरेपी आदि जैसे कैंसर के इलाज और प्रजनन से जुड़ी दिक्कतों में खून की जरूरत पड़ती है। इस एप में आपके परिवार, दोस्तों एवं परिचितों के ब्लड ग्रुप की मैपिंग करते हुए एक सुरक्षित ब्लड नेटवर्क बनाया जाता है। उन्होंने लोगों से इस निशुल्क पहल से जुड़ने और रक्तदान कर लोगों का जीवन बचाने की मुहीम में शामिल होने की अपील की।