लाइट्स, कैमरा और एक्शन के बीच दिल्ली पूरी तरह फिल्मी रंग में रंग गई है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 के भव्य आगाज के साथ राजधानी ने ग्लोबल फिल्म मैप पर जोरदार दस्तक दी है। भारत मंडपम में शुरू हुए महोत्सव में देश-विदेश की 125 से ज्यादा फिल्मों का प्रदर्शन, रेड कार्पेट, स्टार्स की मौजूदगी और सिनेमा पर गहन चर्चा, सब कुछ एक ही मंच पर देखने को मिल रहा है। दिल्ली सरकार इसे दिल्ली को सिनेमा सिटी और वैश्विक फिल्म हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।
सिनेमा और तकनीक का संगम
आईएफएफडी 2026 में जहां एक तरफ क्लासिक फिल्मों का जादू देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर एआई इन फिल्म मेकिंग जैसे विषयों पर चर्चा भी होगी। ‘शोले (रिस्टोर्ड)’ की खास स्क्रीनिंग भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
हर दिन कुछ खास
26 से 31 मार्च तक चलने वाले इस फेस्टिवल में हर दिन अलग-अलग फिल्में और सत्र आयोजित होंगे। मनोज बाजपेयी, अनुपम खेर और पीयूष मिश्रा जैसे कलाकारों के साथ विशेष संवाद सत्र रखे गए हैं।
दिल्ली के कई स्थानों पर स्क्रीनिंग
भारत मंडपम के अलावा दिल्ली के कई पीवीआर सिनेमाघरों, जैसे साकेत, वसंत कुंज, द्वारका और राजौरी गार्डन में भी फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर और विशेष स्क्रीनिंग का भी आयोजन होगा।