प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के चुनावी रैली में जनता से जो वायदे किए थे उसे पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार के अधिकारी गुजरात टूर पर गए हैं।
सूरत की तरह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाकर क्राइम पर नियंत्रण, साबरमती नदी की तरह यमुना का सुधार और सौर ऊर्जा से बिजली किल्लत दूर करने का रास्ता तलाशने गई टीम ने बृहस्पतिवार को काम शुरू कर दिया है।
दिल्ली पुलिस की विशेष आयुक्त (ऑपरेशन) शिवांगमी सुंदरी नंद के नेतृत्व में संयुक्त ट्रैफिक पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त (कम्यूनिकेशन) की टीम गुजरात दौरे पर गई है।
उपराज्यपाल नजीब जंग के निर्देश पर रवाना टीम का उद्देश्य दिल्ली को हाइटेक तरीके से सुरक्षित करना है। दूसरी टीम पर्यावरण सचिव संजीव कुमार ने नेतृत्व में साबरमती नदी प्रोजेक्ट देखने गई है। इसमें जलबोर्ड सीईओ, पार्क एंड गार्डन सोसायटी सीईओ के अलावा पीडब्ल्यूडी, डीडीए के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
साबरमती नदी के किनारे विकास, नदी की सफाई के अलावा प्रॉपर्टी डेवलपमेंट का काम किया गया है। कुछ उसी तरह का रास्ता यमुना के लिए भी तलाशने का काम अधिकारी करेंगे।