एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद बोले कपिल मिश्रा
एफएलएल की रिपोर्ट के बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष जी को मिली फोरेंसिक रिपोर्ट अब पब्लिक में हैं। आतिशी ने सदन में जो पाप किया वो अब सत्यापित हो चुका है। उससे बड़ा पाप केजरीवाल ने किया, गुरुओं का अपमान करने वाली आतिशी को बचाने के लिए पंजाब पुलिस का दुरुपयोग किया। सत्य को कभी प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती। आज दूध का दूध पानी का पानी हो गया।
आधे सच की रिपोर्ट लाकर भाजपा अपनी इज्जत बचाने की कोशिश में
आम आदमी पार्टी ने इस फोरेंसिक रिपोर्ट को 'झूठ और फर्जीवाड़े का पुलिंदा' करार दिया है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी उनकी सोच और कल्पना से वाकिफ है। आम आदमी पार्टी दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'भाजपा किस तरह से सोच सकती है और कहां तक उनकी कल्पना जाती है, आम आदमी पार्टी उनकी रग-रग से वाकिफ है। 3 दिन पहले मैंने बता दिया था कि इनकी(भाजपा) फोरेंसिक रिपोर्ट में क्या आएगा। आधे सच की प्रेस वार्ता आपने आज सुबह-सुबह सुनी। मैं अब पूरी जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि जो पंजाब की फोरेंसिक रिपोर्ट में कहा लगभग वही दिल्ली सरकार की भी फोरेंसिक रिपोर्ट में कहा गया।
आप नेता ने आगे कहा, 'पंजाब की सरकार ने फोरेंसिक रिपोर्ट में साफ-साफ कह दिया कि 'गुरु' शब्द का इस्तेमाल नहीं हुआ। दिल्ली सरकार ने यही बात घुमाकर कही यानी ये बात नहीं कही कि 'गुरु' शब्द का इस्तेमाल किया गया। फोरेंसिक रिपोर्ट इसकी आनी थी कि आतिशी द्वारा क्या शब्द बोले गए। आधे शब्दों की रिपोर्ट लाकर भाजपा की सरकार अपनी इज्जत बचाने की कोशिश कर रही है। जहां पर कोई लेना-देना न हो वहां पर सांप्रदायिक दंगा भड़काने की कोशिश भाजपा खुलेआम कर रही है और इसी के लिए सारे प्रपंच किए जा रहे हैं।'
उधर, 'पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के बयान पर कहा, "उनकी (भाजपा) सरकार है, वे (सीबीआई) जांच करवा लें। जब फॉरेंसिक रिपोर्ट में आ गया कि आतिशी ने कुछ ऐसा नहीं कहा बल्कि उन्होंने (भाजपा) उपशीर्षक देकर गुरुओं का अपमान किया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आ गई है, कोर्ट ने भी कह दिया लेकिन फिर भी सीबीआई यदि भाजपा के लिए फॉरेंसिक लैबोरेटरी से भी ऊपर है तो वे करवा लें जांच।'