गुरुवार को दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत में ही संत रविदास मंदिर तोड़े जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सदन में कहा कि अगर केंद्र सरकार ये 4-5 एकड़ जमीन समाज को वापस दे देती है, तो मैं दिल्ली का मुख्यमंत्री होने के नाते और अन्य सदस्यों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए ये वादा करता हूं कि हम उसी जगह संत रविदास जी का भव्य मंदिर बनवाएंगे।
इसके बाद आप विधायक विशेष रवि ने सदन में केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद उसी जगह पर संत रविदास का भव्य मंदिर बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे दिल्ली विधानसभा ने बहुमत के साथ पास कर दिया। दिल्ली विधानसभा का यह सत्र 26 अगस्त तक चलेगा। इस सत्र में विधानसभा कमेटियों की रिपोर्ट को सदन में रखा जाएगा।
वहीं, मेट्रो और बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की योजना पर भी चर्चा होगी। इसके बजटीय प्रावधान के लिए अनुपूरक अनुदान मांग सरकार की तरफ से पेश की जा सकती है। इसके अलावा सत्ता पक्ष की तरफ से दिल्ली से जुड़े कई अहम मसलों पर प्रस्ताव आ सकते हैं। मॉनसून सत्र में याचिका समिति की रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएगी। वहीं, एमसीडी के भ्रष्टाचार पर भी सदन में चर्चा होगी।
दिल्ली नागरिक सहकारी बैंक के मामलों को लेकर भी रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। सत्ता पक्ष की तरफ से बिजली के बिल की माफी, फ्री वाई फाई और सीसीटीवी दिलाने जैसी दिल्ली सरकार की योजनाओं पर धन्यवाद प्रस्ताव सदन में लाया जाएगा। कच्ची कॉलोनियों को पक्का किए जाने के मुद्दे पर भी सदन में चर्चा होने की उम्मीद है।
अधिकारी बताते हैं कि तय कार्यक्रम के अनुसार, विधान सभा का मॉनसून सत्र तीन दिन तक चलेगा। गुरुवार व शुक्रवार के बाद वीकेंड की छुट्टटी रहेगी। सोमवार को एक बार फिर सदन की बैठक होगी। अगर जरूरत हुई तो सत्र की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।