दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी हो गई। पहले दिन नौ उम्मीदवारों ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन किया। सुबह 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन हुआ। अब शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 17 जनवरी तक चलेगी। 18 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 20 जनवरी को नामांकन वापस ले सकते हैं।
निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, मटियाला विधानसभा से मोंहिदर सिंह, विकास पुरी से हीरा लाल शाह, उत्तम नगर से श्याम विहारी, मोती नगर से गौरव, मुंडका से संजय कुमार यादव, महरौली से शारदा सिंह, अंबेडकर नगर से गुलशन भारती, राजौरी गार्डन से विशाल सांगवान और लक्ष्मी नगर से अनीमा ओक्षा ने नामांकन दाखिल किया। यह सभी उम्मीदवार छोटी पार्टियों के हैं। किसी भी बड़ी पार्टी के उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
राजधानी के 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 70 आरओ नियुक्त किए गए हैं। दिल्ली के सभी 11 जिला निर्वाचन कार्यालयों में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के आरओ कार्यालय में उम्मीदवार नामांकन के लिए आवेदन दे सकेंगे। आरओ कार्यालय में कुल 350 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उम्मीदवार अधिकतम पांच वाहन इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन वाहनों को आरओ कार्यालय से 100 मीटर पहले ही रोकना होगा।
100 मीटर की परिधि में अधिकतम तीन वाहन
आरओ कार्यालय पर 100 मीटर की परिधि में अधिकतम तीन वाहन ही स्वीकृत होंगे। इसके अलावा नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए आरओ कार्यालय में उम्मीदवार सहित पांच लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। नामांकन के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 10,000 रुपये और एससी/एसटी उम्मीदवारों के लिए आधी राशि चुकानी होगी।