विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही भाजपा जहां प्रत्याशी तय करने की प्रक्रिया में जुट गई है, वहीं घोषणा पत्र को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रत्याशी के साथ ही घोषणा पत्र के लिए भी रायशुमारी की जा रही है। घोषणा पत्र आने वाले मंगलवार (मकर संक्रात) के दिन जारी किया जा सकता है।
पार्टी पदाधिकारियों अनुसार, बुधवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों के संभावित प्रत्याशियों के नाम पर रायशुमारी होनी है। प्रभारी, विस्तारक, संयोजकों के साथ पार्षद व विधायक भी मौजूद रहेंगे। इन सभी की राय लेकर लिखित रूप से एक पेटी में बंद कर दी जाएगी। केंद्रीय नेतृत्व रायशुमारी के आधार पर अंतिम निर्णय लेगा।
बैठक में प्रदेश के दो नेता पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थित होंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि दिल्ली की समस्या और कैसे उससे निपटा जाए, इसे भाजपा अपने संकल्प पत्र में जारी करेंगे। पार्टी केंद्रीय व स्थानीय दोनों मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। केंद्र सरकार के आयुष्मान योजना को लागू करने, गंदा पानी से निजात, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत स्थानीय मुद्दे को शामिल किया जाएगा।