टिकट की दौड़ में शामिल भाजपा नेताओं की दावेदारी डिब्बे में बंद होनी शुरू हो गई है। बुधवार को 12 जिलों में करीब 60 विधानसभा क्षेत्रों के संभावित प्रत्याशियों के नाम पर रायशुमारी हुई। बृहस्पतिवार को भी दो जिलों में रायशुमारी की जाएगी।
पर्यवेक्षक की उपस्थिति में हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 45-50 भाजपा पदाधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में टिकट की दौड़ में शामिल लोगों के नाम एक पर्चे पर लिखकर दिए। उन्हें एक विधानसभा क्षेत्र से तीन लोगों का नाम चयनित कर बंद डिब्बे में डाला।
हालांकि रायशुमारी करने वाले भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं। लिहाजा अमूमन यह भी देखने को मिलता है कि वह भी अपना नाम टिकट की दौड़ में लिखकर डालते हैं।
भाजपा ने टिकट की दौड़ में शामिल लोगों की छंटनी शुरू कर दी है। बुधवार को नॉर्थ-ईस्ट संसदीय क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, उत्तर-पश्चिमी लोकसभा क्षेत्र में केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय, चांदनी चौक में महामंत्री अनिल जैन, पश्चिमी दिल्ली में दुष्यंत गौतम, नई दिल्ली में प्रदेश चुनाव सहप्रभारी तरुण चुघ और पूर्वी दिल्ली में प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू की उपस्थिति में रायशुमारी की गई।
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, योग्य उम्मीदवार के चयन और इस प्रक्रिया में पारदर्शिता दिखाने के लिए यह तरीका भाजपा अपनाती है। बुधवार को सभी 16 संगठनात्मक जिलों में इसके लिए बैठकें की गईं। बृहस्पतिवार को दो जिलों में प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर की उपस्थिति में रायशुमारी की जाएगी।
रायशुमारी में विधानसभा क्षेत्र में तैनात किए गए विस्तारक, प्रभारी व संयोजक के साथ ही विधानसभा में अन्य मंडलों के अध्यक्ष के साथ ही 2015 विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, पार्षद व पूर्व पार्षद, जिला अध्यक्ष, उस विधानसभा में रहने वाले प्रदेश, मोर्चे व जिले के पदाधिकारियों ने पर्चे पर संभावित उम्मीदवार के नाम लिखित तौर पर दिए।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की राय ली गई है। कुछ दिन में प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, 60 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1800 नेताओं ने 170-175 लोगों के नाम की रायशुमारी की।