नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव निर्वाचन कार्यालय ने आजाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए हैं। किसी को भिंडी तो किसी को गोभी चुनाव चिह्न मिला है। इसके अलावा उम्मीदवारों को गैस सिलिंडर, हेलीकॉप्टर, वाटर टैंक, बांसुरी, ब्रीफकेस, ब्लैक बोर्ड, बैटरी, टॉर्च, स्कूल बैग, गैस स्टोव, टाइपराइटर, ट्रैक्टर, ईट, भिंडी, फुटबॉल, बाल्टी, कंप्यूटर, ऑटो रिक्शा, कांच का गिलास, फूलों से भरी टोकरी, सीजर, हथौड़ा, सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य निशान शामिल हैं।
इससे पहले भी चुनाव आयोग सेब, प्रेशर कुकर, छड़ी, दूरबीन, हेलमेट, आरी चुनाव चिह्न जारी कर चुका है। इलेक्शन सिंबल (रिजर्वेशन एंड एलॉटमेंट) ऑर्डर 1968 के पैरा 10 के तहत राष्ट्रीय जन मंच (दल) के लिए छड़ी, लोक निर्माण दल के लिए दूरबीन, अमन समाज पार्टी के लिए हेलमेट, नेशनलिस्ट तृणमूल कांग्रेस पार्टी के लिए सेब, ऑल इंडिया जनादेश पार्टी के लिए आरी और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के लिए प्रेशर कुकर, वसुधैव कुटुंब पार्टी को द्वारका, रिठाला, किराड़ी और उत्तम नगर के लिए लेटर बॉक्स का चुनाव चिह्न जारी किया जा चुका है।
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 672 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 593 व महिला उम्मीदवारों की संख्या 79 है। जबकि चुनाव आयोग के पास 1025 उम्मीदवारों ने 1528 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। बीते 24 जनवरी को नामांकन की स्क्रूटनी की जा चुकी है। आगामी 8 फरवरी को होने वाले चुनाव में 1.47 करोड़ से ज्यादा मतदाता नई सरकार का चुनाव करेंगे।