आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले आठ विधायक शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। इनमें पालम से दो बार से मौजूदा विधायक भावना गौड़, कस्तूरबा नगर से तीन बार से विधायक रहे मदन लाल, मादीपुर से तीन बार के विधायक गिरीश सोनी, जनकपुरी से दो बार के विधायक चुने गए राजेश ऋषि, बिजवासन से विधायक भूपेंद्र जून, महरौली से दो बार के विधायक नरेश यादव, आदर्श से दो बार के विधायक रहे पवन शर्मा, त्रिलोकपुरी से युवा विधायक रोहित मेहरौलिया शामिल हैं। इसके अलावा खादी बोर्ड के चेयरमैन और राजेंद्र नगर से पूर्व विधायक विजेंद्र गर्ग, निगम पार्षद अजय राय, पालम विधानसभा के अध्यक्ष संदीप चौधरी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।
चुनाव के बीच आप को झटके पर झटका लगा रहा है। जिन विधायकों का आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने टिकट काटा है वो सभी बगावती तेवर अख्तियार करते हुए भाजपा में शामिल हो गए है। मंच से उन्होंने आप प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव प्रचार में भी उतरने का वादा करते हुए भाजपा के पक्ष में प्रचार करने का एलान किया। प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की उपस्थिति में सभी नेता शामिल हुए। पांडा ने कहा कि अब दिल्ली की बारी आप-दा से मुक्त होने की है। पिछले 12 सालों से झूठे वायदे करके केजरीवाल ने दिल्ली वालों को ठगा है। भरोसो का गला घोंटा गया है।